मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार उमंग कुमार ने कहा कि वह अभिनेत्री ऐश्वर्य राय बच्चन की लगन देख हैरान रह गए, जब उन्होंने चोट के बावजूद फिल्म ‘सरबजीत’ की शूटिंग जारी रखने का फैसला किया।
‘सरबजीत’ एक भारतीय किसान सरबजीत सिंह की जीवनी पर आधारित है, जिन्हें पाकिस्तान में आतंकवाद और जासूसी का दोषी पाया गया और मौत की सजा सुनाई गई। इस फिल्म में ऐश्वर्य उनकी बहन दलबीर कौर की भूमिका में हैं।
उल्लेखनीय है कि फिल्म के एक दृश्य के दौरान, ऐश्वर्य को कीचड़, पत्थर और गोबर से भरी सड़क पर चलना था, जहां उनके जूते धंस कर फट गए, लेकिन ऐश्वर्य ने नंगे पांव चलने का फैसला किया और शूटिंग के बाद उनके पांव चोटिल हो गए थे।
उमंग कुमार इसे सराहनीय मानते हैं।
उन्होंने कहा, “हम पंजाब में फिल्म के महत्वपूर्ण हिस्से की शूटिंग कर रहे थे, जहां ऐश्वर्य को बंजर सड़क पर चलना था। गर्मी बहुत थी और बहुत से लोगों की भीड़ थी, इसलिए हमें जल्द से जल्द दृश्य पूरा करना था। आखिरी वक्त में ऐश्वर्य के जूते टूट गए और उन्होंने नंगे पांव चलने का फैसला किया।”
उन्होंने कहा, “मैं उनकी लगन देख हैरान था और यह प्रशंसनीय है कि चोट लगने के बावजूद उन्होंने शूटिंग पूरी की।”
फिल्म में रणदीप हुड्डा, ऋचा चड्ढा और दर्शन कुमार जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म 20 मई को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath