तृणमूल नारदा स्टिंग की आतंरिक जांच करेगी

कोलकाता, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को घोषणा की कि वह नारदा स्टिंग की आतंरिक जांच करेगी, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़े गए थे।

तृणमूल के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि इस ‘साजिश’ में कांग्रेस नेता अहमद पटेल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी की भूमिका की जांच की जाएगी।

चटर्जी ने कहा, “आतंरिक जांच में इसकी रिलीज के समय से लेकर इसकी सामग्री समेत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और अगर कोई दोषी पाया जाएगा तो पार्टी उचित कदम उठाएगी।”

चटर्जी ने कहा, “इस जांच में अहमद पटेल, सिद्धार्थ नाथ सिंह और सीताराम येचुरी जैसे उन लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी, जिनका नाम इस मामले में आया है। अगर उनके शामिल होने की बात साबित होगी तो हम प्रयास करेंगे कि उनके खिलाफ कदम उठाए जाएं।”

स्टिंग में पकड़े गए नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर दायर की गई कई जनहित याचिकाओं पर कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा सुनवाई करने के एक दिन बाद यह घोषणा की गई है।

पोर्टल नारदा न्यूज द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में तृणमूल कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को एक काल्पनिक कंपनी का पक्ष लेने के बदले कथित रूप से रिश्वत लेते दिखाया गया था। उसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री, राज्य के वर्तमान मंत्री और सांसद नजर आए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493