इंफाल, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नापेट और पड़ोसी गांव के नाराज लोगों ने शुक्रवार आधी रात एक शिविर में कथित रूप से आग लगा दी। कहा जाता है कि मणिपुरी नव वर्ष पर शनिवार को उक्त जगह पर लोगों को नृत्य करना था।
यह शिविर इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित था।
शिविर के निवासी अपनी जान बचाकर भागे, और उनकी संख्या की गिनती करनी अभी बाकी है।
ग्रामीणों ने संवाददाताओं से शनिवार को कहा कि वे इस शिविर को दोबारा नहीं खोलने देंगे।
नापेट गांव की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा, “मणिपुरी नव वर्ष पर शनिवार को हमलोगों ने यहां थाबल चोंगबा लोक नृत्य के आयोजन की योजना बनाई थी। लेकिन शिविर में रहने वाले संयुक्त क्रांतिकारी मोर्चा के सदस्यों ने अज्ञात कारणों से मना किया।”
इसके बाद ग्रामीणों को लोक नृत्य के लिए निकट के धान के खेतों को समतल करना पड़ा।
एक महिला ने आईएएनएस से कहा, “फिर भी रात के करीब 10.30 बजे शिविर में रहने वाले लोग बाहर निकले और दो युवकों की पिटाई कर दी। लोक नृत्य में बाधा उत्पन्न नहीं हो इसलिए दो अन्य युवक बीच बचाव करने आए, लेकिन उनकी भी पिटाई कर दी।”
नर्तकों को डराने के लिए शिविर में रहने वाले कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की।
इस घटना के बाद स्थिति बेकाबू हो गई। पड़ोस के गांवों के लोग भी जुट गए और शिविर में आग लगाने का फैसला किया।
dharmpath.com dharmpath