अंबेडकर जयंती पर नागपुर में सोनिया, राहुल की रैली

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी बी. आर. अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाने के क्रम में सोमवार को महाराष्ट्र जाएंगे और नागपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी।

दोनों नेता नागपुर पहुंचेंगे और यहां के ऐतिहासिक दीक्षाभूमि जाएंगे। दीक्षाभूमि वह स्थान है, जहां अंबेडकर ने 14 अक्टूबर, 1956 को अपने छह लाख अनुयायियों के साथ बौद्धधर्म की दीक्षा ली थी।

बाद में सोनिया गांधी अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाने के क्रम में शहर के कस्तूरचंद पार्क में रैली को संबोधित करेंगी। इस रैली में राहुल गांधी सहित केंद्र एवं राज्य कांग्रेस के अन्य शीर्ष नेता भाग लेंगे।

राहुल गांधी मंगलवार यानी 12 अप्रैल को मुंबई में जौहरियों(ज्वैलर्स) से मुलाकात करेंगे, जो एक माह से अधिक समय से एक फीसद उत्पाद शुल्क बढ़ाने के खिलाफ हड़ताल पर हैं।

इस हड़ताल में सोने का आभूषण बनाने वाली बिरादरी के शामिल होने से खुदरा बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और सोने की मांग और आयात पर गंभीर असर पड़ा है।

मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही जौहरियों का समर्थन कर चुके हैं। वह मंगलवार को मुंबई में इस उद्योग के केंद्र झावेरी बाजार में जौहरियों के प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे।

राहुल गांधी इसके बाद 15वीं सदी के मुंबादेवी मंदिर में पूजा करेंगे। मुंबई का नाम इसी से लिया गया है। इसके बाद वह देवनार कूड़ा घर जाएंगे, जो हाल के कुछ हफ्तों से भयंकर प्रदूषण का स्रोत बन गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493