नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केरल के एक मंदिर में लगी आग की घटना को ‘दुखदायक और झकझोर देने वाली’ बताया। उनके दिन में घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “कोल्लम के मंदिर में लगी आग दुखदायक और चौंका देने वाली है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मुझे मृतकों के परिवारों व घायलों से पूरी हमदर्दी है और मेरी प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं।”
केरल में कोल्लम जिले के परावूर स्थित पुत्तिंगल मंदिर में रविवार तड़के 3.30 बजे आतिशबाजी से लगी भीषण आग के कारण 96 लोगों की मौत हो गई।
मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “मैं कोल्लम में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पैदा हुए हालात का जायजा लेने के लिए जल्द केरल जाऊंगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हादसे को लेकर केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी से भी बात की है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा, “गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को एक हेलीकॉप्टर से तुरंत स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है।”
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनके घटनास्थल के दौरे के दौरान किसी भी प्रोटोकॉल का पालन न करने का निर्देश दिया है और मदद व राहत कार्यो पर ध्यान देने का निर्देश दिया है।
dharmpath.com dharmpath