बीजिंग, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन ने मोटापे की समस्या से जूझ रहे देशवासियों के मोटापे को कम करने के लिए पहला चिकित्सकीय दिशा-निर्देश जारी किया है।
चाइना इंटरनेशनल एक्सचेंज एंड प्रोमोटिव एसोशिएशन फॉर मेडिकल एंड हेल्थ के मुताबिक, रविवार को जारी दिशा-निर्देश में उन सिद्धांतों व तरीकों का विवरण है, जिससे लोगों को वजन कम करने में सहायता मिलेगी।
चाइना डेली की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दिशा-निर्देश 100 चिकित्सकों व आहार विशेषज्ञों के संयुक्त प्रयास का नतीजा है। इन्होंने इस पर एक साल तक मंथन किया है।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन आयोग द्वारा जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लगभग 30 फीसदी लोग मोटापे से ग्रस्त हैं। यह साल 2002 की तुलना में सात फीसदी अधिक है। विकसित देशों के मुकाबले चीन में लोगों के मोटापे के चंगुल में आने की दर अधिक है।
आयोग ने कहा कि अधिक वजन और मोटापे के कारण चीन में लोगों में मधुमेह जैसी खतरनाक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
चाइनीज न्यूट्रिशन सोसायटी की क्लीनिकल न्यूट्रिशन ब्रांच के उप निदेशक चेन वेई ने कहा कि देश में मोटापे से पीड़ित लोग वजन घटाने के लिए बेहतर इलाज की तलाश में हैं, लेकिन अधिकांश इलाज या तो उचित नहीं हैं या फिर कुछ तो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी हैं।
उन्होंने कहा कि वजन कम करने के लिए एक पायलट कार्यक्रम के तहत इस दिशा-निर्देश को इस साल पेकिंग यूनियन मेडिकल कॉलेज सहित चीन के 20 शहरों के 39 बड़े अस्पतालों ने अपनाया है।
चेन ने कहा, “ये अस्पताल वजन कम करने के लिए विशेष क्लीनिक खोलेंगे। साथ ही वे ताजा स्वास्थ्य रिकॉर्ड व वजन कम करने के लिए विशेष रूप से तैयार योजनाएं उपलब्ध कराएंगे।”
dharmpath.com dharmpath