जुआघरों ने गोवा को पापी शहर बना दिया : कांग्रेस

पणजी, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और गोवा की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष लुइजिन्हो फलेरो ने लक्ष्मीकांत पारसेकर के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की निंदा करते हुए सोमवार को कहा कि जुआघरों ने गोवा को देश का पापी शहर बना दिया है।

फलेरो ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने जुआघरों को बंद करने का वादा तोड़कर राज्य की जनता के साथ धोखा किया है।

राज्य की राजधानी में एक सामाजिक समारोह से अलग संवाददाताओं से बातचीत में फलेरो ने यह भी कहा कि सरकार वेश्यावृत्ति पर भी लगाम लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में वेश्यावृत्ति भी फैल चुकी है।

फलेरो ने कहा, “यह वही गोवा है, जहां हम चाहते हैं कि पर्यटक आएं? जुआघर उद्योग के कारण गोवा भारत का पापी शहर बन चुका है। राज्य में वेश्यावृत्ति भी फैल चुकी है।”

गोवा भारत के उन कुछ राज्यों में से एक है, जहां जुआघरों में जुआ खेलना वैध है।

वर्ष 2012 विधानसभा चुनाव से पहले मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जुआघर उद्योग के खिलाफ अभियान चलाया था और वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वे राज्य में जुआघर बंद कर देंगे।

सत्ता में आने के बाद हालांकि पर्रिकर और पारसेकर के नेतृत्व में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने कहा है कि जुआघर उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है और इसे बंद करने से राज्य में व्यापार स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को गलत संदेश जाएगा।

फलेरो ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती गठबंधन सरकार (2007-2012) ने गोवा में जुआघर चलाने के लिए लाइसेंस जारी करके गलती की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493