घटना की खबर फैलते ही गांव में कैम्प कर रहे पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे। दो बदमाशों को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरे की तलाश में पुलिस छापे मार रही है। लूटे गए जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं। दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
नवरात्रि पर्व को लेकर जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी गांव में ऐतिहासिक देवी मंदिर में मां भुवनेश्वरी के दर्शन के लिए इन दिनों लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। गांव में मेला भी चल रहा है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पीएसी के जवान मुस्तैद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, चार-पांच लोगों ने नशे में धुत्त होकर बीच गांव में अवैध असलहे से जमकर फायरिंग की और नाच किया। गांव के ही रामस्वरूप काछी, रामशंकर श्रीवास, निर्भय सिंह ठाकुर व जलालपुर के होटल मालिक राकेश कहार को बीच गांव में पकड़कर जमकर पीटा गया।
इसी बीच देवी दर्शन से बोलेरो जीप से लौट रही कई महिलाओं को गाड़ी से नीचे उतारकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। फिर उनके बच्चों की कनपटी में तमंचा लगाकर सभी महिलाओं के सोने और चांदी के गहने लूट लिए गए।
लूटपाट के दौरान ही पीएसी के जवान और जलालपुर पुलिस मौके पर आ गई और भाग रहे बदमाशों में से दो को गिरफ्तार कर लिया।
जलालपुर के प्रभारी निरीक्षक पी.के. यादव ने बताया कि राहुल सिंह व श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहे और लूटे गये गहने बरामद कर लिए गए हैं। डब्बर नाम का बदमाश फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राहुल सिंह ने कुछ माह पूर्व एक सिपाही पर फायरिंग की थी। उस पर पुलिस की आधुनिक राइफल लूटने का आरोप भी है।
dharmpath.com dharmpath