कोलकाता, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के अग्रणी फुटबाल क्लबों में से एक-ईस्ट बंगाल के कोच विश्वजीत भट्टाचार्य ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
क्लब को रविवार को हुए आई-लीग मुकाबले में एफसी बेंगलुरू के हाथों हार मिली थी और विश्वजीत ने इसी की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना पद त्याग किया।
क्लब को उम्मीद थी कि वह इस साल आई-लीग खिताब जीत लेगा लेकिन रविवार की हार ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
ईस्ट बंगाल के अधिकारी ने बताया कि विश्वजीत ने ईमेल के जरिए क्लब अधिकारियों को अपना इस्तीफा सौंपा।
क्लब ने हालांकि अब तक साफ नहीं किया है कि विश्वजीत का इस्तीफा स्वीकार किया गया है या नहीं।
विश्वजीत ने बीते साल जून में ईस्ट बंगाल का कोच पद सम्भाला था।
dharmpath.com dharmpath