नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और गौरी खान की शादी को 24 साल से अधिक समय बीत गया है। शाहरुख ने कहा है कि शादी से पहले गौरी के साथ बात करना आसान नहीं था। इसके लिए वह लड़कियों की आवाज निकालकर उनके परिजनों को बेवकूफ बनाकर गौरी से बात करते थे।
शाहरुख अपनी फिल्म ‘फैन’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने हास्य अभिनेता कपिल शर्मा के ‘द कपिल शर्मा शो’ की आगामी कड़ी में अपने निजी जीवन की कुछ बातें साझा की। सोमवार को इसकी शूटिंग हुई है।
कपिल ने शाहरुख से जब ‘सेल्फी’ संस्कृति के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, “आज जैसे हमारे पास मोबाइल फोन हैं, उस समय हमारे पास सिर्फ लैंडलाइन टेलीफोन हुआ करते थे। इसलिए जब भी मुझे गौरी से बात करने का मन होता था, उसका भाई विक्रांत फोन उठाता था। तब मैं उससे लड़कियों की आवाज में बात करता था।”
उन्होंने कहा, “फोन पर मैं लड़कियों की आवाज में कहता था कि क्या मैं गौरी से बात कर सकता हूं और उसे लगता था कि फोन पर गौरी की कोई सहेली है। यहां तक कि आज भी उसे (विक्रांत) पता नहीं है कि लड़की की आवाज में हमेशा मैं ही फोन करता था। लेकिन यह एपिसोड देखने के बाद उन्हें पता चल जाएगा कि वह मैं ही हुआ करता था।”
शाहरुख फिल्म ‘फैन’ में दो भूमिकाएं निभा रहे हैं। फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी। कपिल शर्मा का आगामी ‘द कपिल शर्मा शो’ 23 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath