नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में वेब स्ट्रीमिग और टीवी के माध्यम से 24 अप्रैल को दो लाख से ज्यादा पंचायतों को संबोधित करेंगे और बेहतर प्रशासन और कृषि नीति के बारे में सलाह-मशविरा करेंगे।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री झारखंड के जमशेदपुर से 24 अप्रैल को देश के सभी ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे। इस मौके पर ग्रामीणों को उनके लिए बनाई गई सरकारी योजनाओं में सुधार के लिए सलाह देने का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल को मनाया जा रहा है।”
मंत्री ने बताया, “केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों के सहयोग से 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक ‘ग्राम उदय से भारत उदय’ कार्यक्रम मनाने का फैसला किया है। इस अभियान के दौरान 2.93 लाख करोड़ रुपये की कई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।”
केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग व ग्रामीण विकास विभाग और राज्यों के संबंधित विभाग मिलकर 17 अप्रैल से 24 अप्रैल तक गांव स्तर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे, ताकि गांववालों की समस्या को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
राधा मोहन ने कहा, “हम कृषि को बढ़ावा देने के लिए इस अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। सरकार प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना और सामाजिक स्वास्थ्य कार्ड योजना को लोगों तक पहुंचाएगी।”
कृषि मंत्री ने कहा कि सबसे अच्छा कार्य करनेवाले पंचायतों के प्रतिनिधियों को मोदी सम्मानित करेंगे।
dharmpath.com dharmpath