नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन (डीपीडीए) ने शुक्रवार को उन खबरों का खंडन किया, जिसमें कहा गया है कि वे सम-विषम योजना के खिलाफ हड़ताल करने जा रहे हैं। एसोसिएशन ने कहा है कि वे प्रदूषण घटाने की सरकार की इस पहल के साथ हैं।
डीपीडीए के प्रवक्ता अतुल पेशावरैया ने आईएएनएस से कहा, “कोई हड़ताल नहीं है। यह अफवाह है। किसी ने संभवत: व्यक्तिगत रूप से यह बात कह दी है, जिसे गलत समझा गया है। एसोसिएशन दिल्ली सरकार की सम-विषम पहल का समर्थन करता है।”
उन्होंने कहा, “अगर सरकार राष्ट्रीय राजधानी की हवा स्वच्छ करने की पहल कर रही है, तो जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम उनके साथ हैं।”
उन्होंने कहा, “डीपीडीए दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना से सहमत नहीं है, क्योंकि इसमें उन्होंने बाइकर्स और अन्य वाहनों को छूट दे रखी है। हालांकि, यह कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि सरकार कम से कम हवा स्वच्छ करने की कोशिश तो कर रही है।”
राष्ट्रीय राजधानी में सम-विषम यातायात योजना का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू हुआ, और इसका लक्ष्य वायु प्रदूषण घटाना है।
dharmpath.com dharmpath