राम नवमी पर झारखंड में सांप्रदायिक हिंसा

रांची, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले में रामनवमी के एक जुलूस पर पथराव के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी, जिसके बाद शुक्रवार रात चार थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

हजारीबाग जिले में भी शुक्रवार को हिंसा हुई, जहां भी रामनवमी के जुलूस पर पथराव किया गया।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एस. एन. प्रधान ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, “बोकारो में कर्फ्यू लगाया गया है। हजारीबाग और बोकारो, दोनों जिलों में स्थिति नियंत्रण में है।”

बोकारो के सिवानडीह उपनगर में दो समुदायों के सदस्यों के बीच उस समय हिंसक संघर्ष हुआ, जब रामनवमी के एक जुलूस को रोक दिया गया और उस पर पथराव किया गया।

हिंसक झड़प में कुछ पत्रकारों और सरकारी अधिकारियों सहित कई लोग घायल हो गए। भीड़ ने तीन वाहन भी जला दिए थे।

हजारीबाग के केरेदारी में उस समय हिंसा भड़क उठी, जब रामनवमी के जुलूस को रोक दिया गया। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए और कुछ घरों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

हिसा में कथित तौर पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, लेकिन पुलिस ने कहा कि मौत का सांप्रदायिक हिंसा से कोई संबंध नहीं था।

प्रधान ने कहा, “इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति की सीढ़ियों से फिसलने के कारण मौत हो गई।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493