उप्र के आगरा में गर्मी, पानी की किल्लत

आगरा , 16 अप्रैल (आईएएनएस) उत्तर प्रदेश के आगरा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। गर्मी के इस मौसम में यहां पानी की किल्लत भी हो गई है, जो यहां के लोगों के लिए दोहरी मार की तरह है। मौसम विशेषज्ञों ने यहां जल्द राहत की उम्मीद नहीं जताई है।

आगरा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार सुबह आकाश में आंशिक तौर पर बदली छाए रहने के बावजूद तेज गर्मी महसूस की गई।

यहां पालीवाल पार्क में सुबह टहलने वाले प्रदीप भाई ने बताया, “पहले ही बहुत गर्मी है, हम ‘लू’ महसूस कर सकते हैं।”

अन्य निवासी नरेश पारस ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां पहले ही किए जाने का सुझाव दिया है।

ताज शहर में गर्मी पर्यटकों के लिए भी मुश्किलों का सबब है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम के विभिन्न हिस्सों से हजारों ‘जैरीन’ (इस्लामिक महत्व के स्थानों का दौरा करने वाले लोग) वर्तमान में यहां डेरा डाले हुए हैं। वे ताजमहल और अन्य मकबरों को देखना चाहते हैं।

एक जैरीन नसीर खान ने कहा, “जिला प्रशासन ने कोठी मीना बाजार मैदान में उनके रहने के लिए व्यवस्था की है, लेकिन बढ़ते तापमान से कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं। पीने के पानी की एक बड़ी समस्या बनी हुई है।”

शहर के लगभग आधे हिस्से में पानी की किल्लत हो गई है। जल विभाग के कर्मियों का कहना है कि यमुना से आने वाले पानी की उपलब्धता कम हो गई है। यहां जल संकट समाप्त करने के लिए दिल्ली के ओखला बैराज से पानी छोड़े जाने की आवश्यकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493