चिली की राजधानी में 30 लाख लोग पेयजल से वंचित

सैंटियागो, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। चिली की राजधानी को पीने के पानी की आपूर्ति करने वाली दो नदियां बुरी तरह मैली हो गईं हैं। इससे शहर में रहने वाले तीस लाख लोगों के सामने पीने के पानी का संकट पैदा हो गया है।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार यह समस्या शनिवार दोपहर के बाद शुरू हुई। इसके बाद महानगर प्रशासन ने ग्रेटर सैंटियागो में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।

सैंटियागो की कुल जनसंख्या 62 लाख है।

राष्ट्रीय आपातकाल प्रबंधन कार्यालय के अनुसार पेयजल संकट की गंभीरता के मद्देनजर स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सभी आवश्यक और उपलब्ध संसाधन जुटाए जा रहे हैं।

महानगर क्षेत्र के प्रशासक क्लाउडियो ओरेगो ने कहा, “हम लोग आपातकालन योजना लागू कर रहे हैं। इस तरह की स्थिति के लिए हम लोग तैयार थे। गत साल जल संग्रहण के लिए हमने विशेष तालाबों का अधिग्रहण किया था। हमने पानी के ट्रकों के नेटवर्क को चालू कर दिया है। इनकी संख्या करीब 60 है।”

सैंटियागो को जलापूर्ति करने वाली अगुआस अंदिना कंपनी ने अपने बयान में शनिवार को कहा कि राजधानी के 52 में 27 इलाकों में जलापूर्ति बंद की जा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि फिर कब जलापूर्ति शुरू हो सकेगी।

कंपनी ने कहा, “गत शनिवार को सवेरे 8 बजे मापोचो और मायपो नदी में गंदगी चरम स्तर 65000 यूएनटी (गंदगी का पैमाना) पर पहुंच गई।”

मौसम विभाग की रपट के अनुसार चिली के मध्य क्षेत्र में खराब मौसम के चलते मायपो और मापोचो नदी में गंदगी चरम स्तर पर पहुंच गई जो आने वाले समय में और बदतर हो सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493