काहिरा, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। जॉर्डन ने अरब मामलों में ईरान के हस्तक्षेप के मद्देनजर सोमवार को तेहरान से अपने राजदूत को वापस बुला लिया है।
जॉर्डन से पहले सऊदी अरब भी ईरान से अपने राजदूत को वापस बुला चुका है।
गौरतलब है कि सऊदी अरब द्वारा एक प्रमुख शिया मौलवी निम्र अल निम्र को फांसी दिए जाने के बाद ईरान में सऊदी अरब के दूतावास पर हमले किए गए थे, जिसके बाद सऊदी अरब ने ईरान के साथ राजनयिक संबंध तोड़ लिए थे।
जॉर्डन के इस कदम पर अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गौरतलब है कि दो जनवरी को सऊदी अरब ने आतंकवादी आरोपों के मद्देनजर 46 अन्य लोगों सहित निम्र अल निम्र को फांसी दे दी थी।
सऊदी अरब के इस कदम के बाद शिया बहुल ईरान में विरोध प्रदर्शन हुए थे। गुस्साई भीड़ ने तेहरान स्थित सऊदी अरब के दूतावास के कुछ भागों में आग लगा दी थी।
जॉर्डन के मीडिया मामलों के राज्यमंत्री मोहम्मद मोमानी ने सोमवार को कहा, “हमने तेहरान में सऊदी अरब के दूतावास पर हमलों के बाद ईरान से अरब मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने का आग्रह किया, लेकिन हमें इस संदर्भ में ईरान से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।”
उन्होंने कहा कि जॉर्डन ने जारी घटनाक्रम के आलोक में स्थिति का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए ईरान से अपने राजदूत को वापस बुलाया है।
dharmpath.com dharmpath