नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘सुल्तान’ फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर गश खाकर गिरे अभिनेता रणदीप हुड्डा की डॉक्टर बहन अंजलि हुड्डा ने कहा है कि वजन को घटाना-बढ़ाना मानसिक व शारीरिक रूप से तकलीफदेह होता है। उन्होंने यह भी कहा कि रणदीप का अपेन्डिसाइटिस वजन के घटने-बढ़ने से सीधे संबंधित नहीं है।
रणदीप रविवार शाम अपेन्डिसाइटिस के दर्द के बाद फिल्म के सेट पर गिर गए थे। उनकी सोमवार को यहां फोर्टिस अस्पताल में सर्जरी हुई।
अंजलि से पूछा गया कि एक कलाकार के लिए किरदार की मांग पर वजन घटाना-बढ़ाना कितना मुश्किल होता है? मेटाबोलिज्म विशेषज्ञ डा. अंजलि ने आईएएनएस को बताया, “एक कलाकार के लिए यह शायद मुश्किल न हो, क्योंकि वह (रणदीप) बहुत दृढ़ निश्चय वाले हैं, लेकिन उनके शरीर के लिए यह बहुत मुश्किल है, क्योंकि शरीर आपके कम खाने की वजह नहीं समझता है। यह शारीरिक व मानसिक रूप से बहुत कठिन है।”
अंजलि ने यह भी कहा कि इन लोगों (कलाकारों) में दृढ़ निश्चय इतना ज्यादा होता है कि उन्हें वजन के घटने-बढ़ने के मतलब का अहसास ही नहीं होता है।
क्या अचानक से वजन घटाना-बढ़ाना ही रणदीप की स्वास्थ्य समस्या की वजह है? जवाब में उन्होंने कहा, “इसका (अपेन्डिसाइटिस) का वजन के घटने-बढ़ने से सीधा संबंध नहीं है, लेकिन हां, एक्सट्रीम टाइप का वेट लॉस तकलीफदेह हो सकता है, क्योंकि उस वक्त भोजन में कोई फाइबर (रेशा) नहीं होता है।”
dharmpath.com dharmpath