इस्लामाबाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में अज्ञात बंदूकधारियोंद्वारा किए गए हमले में पोलियो उन्मूलन टीम की सुरक्षा में तैनात कम से कम सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, उप महानिरीक्षक पुलिस फिरोज शाह ने बताया कि ओरंगी कस्बे में बच्चों का पोलियो टीकाकरण कर रही टीम की सुरक्षा कर रहे पुलिसकर्मी इस हमले की चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पहले तीन पुलिसकर्मियों को गोलियों से भूना और उसके बाद उन्होंने पुलिकर्मियों पर अंधाधुन गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें चार अतिरिक्त पुलिसकर्मी मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए।
दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार आतंकवादियों द्वारा की गई इस गोलीबारी में कोई पोलियोकर्मी हताहत नहीं हुआ है।
हमलावर हमले के बाद मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर है।
तीन दिवसीय पोलियो उन्मूलन अभियान सोमवार से शुरू हुआ, जिसे इस घटना के बाद निलंबित कर दिया गया।
फिलहाल किसी समूह ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इस हमले की निंदा की है और अस्पताल के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा प्रदान की जाए।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के ऐसे दो देश हैं, जहां पोलियो विषाणु अभी तक खत्म नहीं हो सका है।
पाकिस्तान में आतंवादियों ने पोलियो रोधी अभियान को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने पोलियो टीमों पर हमले किए और इसके खिलाफ धमकी भी दी है।
एक अनुमान के अनुसार, दिसंबर 2012 के बाद से आतंकवादियों ने 80 पोलियो कर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है।
dharmpath.com dharmpath