रियाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा यहां खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के देशों के नेताओं के सम्मेलन में भाग लेंगे।
वर्ष 2009 में सत्ता संभालने के बाद ओबामा की इस तेल संपन्न देश की यह चौथी यात्रा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुलअजीज से मुलाकात करेंगे और सऊदी शाही अदालत भी देखेंगे।
ह्वाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका-जीसीसी सम्मेलन गुरुवार को होना है। यह नेताओं के लिए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट, क्षेत्रीय टकराव और सांप्रदायिक तनाव के खिलाफ लड़ाई पर चर्चा के लिए एक अवसर होगा।
जीसीसी में बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने सऊदी अरब की क्षेत्रीय भूमिका की आलोचना की है। उस पर सऊदी अरब के शाही परिवार ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
‘द अटलांटिक’ को हाल में दिए एक साक्षात्कार में ओबामा ने सऊदी अरब और अन्य सहयोगियों को अमेरिकी विदेश नीति का नि:शुल्क लाभभागी बताया था। साथ ही धार्मिक असहिष्णुता को बढ़ावा देने के लिए धन देने का आरोप लगाते हुए सऊदी अरब की आलोचना की थी।
करीब एक साल पहले वर्ष 2015 के मई में ओबामा ने खाड़ी देशों के नेताओं की ह्वाइट हाउस और कैंप डेविड में मेजबानी की थी। ईरान के परमाणु कार्यक्रम सीमित करने पर सहमति बनने के बाद खाड़ी देशों की वह पहली बैठक थी।
कुवैत और कतर को छोड़कर छह सदस्यीय जीसीसी के चार देशों के शीर्ष नेता 2015 के सम्मेलन से अनुपस्थित रहे थे।
dharmpath.com dharmpath