इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी तालिबान समूह ने कराची में पोलियो टीकाकरण दलों की सुरक्षा में तैनात सात सुरक्षाकर्मियों की मौत की जिम्मेदारी ली।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इन हमलों से पाकिस्तान में पोलियो टीकाकरण टीमों और पुलिसकर्मियों पर जोखिम का पता चलता है।
अधिकारियों का कहना है कि 15 मिनट के भीतर अलग-अलग स्थानों पर दो हमलों के बाद कराची के कुछ हिस्सों में टीकाकरण अभियान रद्द कर दिया गया था।
पुलिस अधिकारी फेरोज शाह ने संवाददाताओं को बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने पुलिस मोबाइल टीम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। बंदूकधारी हमले को अंजाम देने के बाद भाग खड़े हुए।
गौरतलब है कि प्रशासन ने सोमवार को कराची में तीन दिवसीय पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू किया था और ये हमले अभियान के आखिरी दिन हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कराची में लगभग 22 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की योजना बनाई थी।
पाकिस्तानी तालिबान से अलग हुए समूह जमात-उल-अहरार ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
dharmpath.com dharmpath