उज्जैन, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के लिए राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यो से स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज को महाकाल की इस नगरी में बड़ा बदलाव नजर आ रहा है। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि लगता है, मानो उज्जैन शहर इंग्लैंड जैसा हो गया हो।
राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन एवं उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बुधवार की शाम स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज से भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महाराज ने कहा कि उज्जयिनी नगरी बहुत कुछ बदल गई है। ऐसा लग रहा है मानो, उज्जैन शहर इंग्लैंड जैसा हो गया है।
उन्होंने कहा कि मप्र सरकार ने उज्जैन में बहुत अच्छा काम किया है, शहर सुंदर दिखने लगा है।
महाराज ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान कहा कि जब रात्रि में उन्होंने उज्जैन में प्रवेश किया, तब यहां की सुंदरता, रोशनी, अच्छी सड़कें देखने को मिलीं। ऐसा लगा, मानो इंग्लैंड यहां आ गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने सत्यमित्रानंद महाराज से भेंट करने के बाद मंगलनाथ जोन में खाकचौक के समीप हरियाणा के पंचवटी (पलवल) के महंत कामतादास महाराज के पंडाल में जाकर धर्म-ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath