रियो में पदक के लिए कड़ी मेहनत करूंगी : दीपा

अगरतला, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली महिला जिमनास्ट दीपा करमाकर ने शुक्रवार को कहा कि वह रियो ओलम्पिक में पदक जीतने के लिए पूरी शिद्दत से अभ्यास करेंगी।

दीपा का अपने कोच बिस्वेशवर नंदी के साथ शुक्रवार को अपने गृहनगर पहुंचे पर जोरदार स्वागत किया गया।

दीपा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मैं अब दिल्ली में भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) के प्रशिक्षण केंद्र में कड़े अभ्यास पर ध्यान दूंगी।”

उन्होंने कहा, “मेरा अब एकमात्र लक्ष्य और कुछ नहीं बल्कि रियो ओलम्पिक में पदक जीतना है। मैं ओलम्पिक में अपना सवश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी।”

दिल्ली से अगरतला पहुंची दीपा का हवाईअड्डे पर खेल प्रशंसकों, अधिकारियों और उनके शुभचिंतकों ने जोरदार स्वागत किया।

दीपा यहां कुछ दिन अपने परिवार के साथ बिताने के बाद अभ्यास के लिए दिल्ली वापस लौटेंगी।

उन्होंने कहा, “मैं आने वाली विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने की कोशिश करूंगी।”

22 साल की दीपा ओलम्पिक में क्वालीफाई करने वाली देश की पहली महिला जिम्नास्टिक खिलाड़ी हैं। उन्होंने ब्राजील में हुए टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल कर रियो के लिए क्वालीफाई किया है।

दीपा भारत की दूसरी जिम्नास्ट हैं जो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2014 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में यह कारनामा किया था।

उन्होंने 2014 में हुए एशियन खेल में चौथा स्थान हासिल किया था। उन्होंने 2015 में जापान में हुए आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक एशियन चैम्पियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल किया था।

2010 से 2014 तक पांच बार राष्ट्रीय विजेता रह चुकीं दीपा को अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493