दमिश्क, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने दमिश्क में सीरिया के युद्धविमान को मार गिराया और इसके पायलट को बंधक बना लिया है।
आईएस के मुताबिक, अगवा पायलट का नाम अज्जाम ईद है, जो हामा का रहने वाला है। आईएस के लड़ाकों ने पैराशूट से कूदने के बाद उसे पकड़ लिया।
वहीं, ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर हयूमन राइट्स’ के मुताबिक, सीरिया का लड़ाकू विमान आईएस समूह द्वारा नियंत्रित दमिश्क के हवाई क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लड़ाकू विमान दमिश्क के बेर अल-कसाब शहर के पास ताल दाकवे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर हयूमन राइट्स’ का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आईएस ने विमान को मार गिराया है या फिर वह तकनीकी गड़बड़ी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
इससे पहले रूस की समाचार एजेंसी इंटरफैक्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सीरिया का लड़ाकू विमान तकनीकी गड़बड़ी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इंटरफैक्स ने सीरिया सैन्य सूत्र के हवाले से बताया कि जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, उसकी हाल ही में मरम्मत की गई थी। इस पर जमीनी स्तर से कोई हमला नहीं हुआ। यह दुर्घटना तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुई है।
रिपोर्ट से पता चलता है कि यह एक मिग-23 विमान था।
गौतलब है कि आईएस और अलकायदा संबद्ध आतंकवादी समूह नुसरा फ्रंट पिछले दो सप्ताह में दो सीरियाई लड़ाकू विमानों को नष्ट कर चुका है।
सीरिया की सरकारी मीडिया ने अभी इस दुर्घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
dharmpath.com dharmpath