मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। गायक-अभिनेता आदित्य नारायण का कहना है कि वह चाहते हैं उनके पिता और मशहूर पाश्र्वगायक उदित नारायण एक बार उनके लिए अपनी आवाज दें। उन्होंने कहा कि वह इस सपने के साकार होने का अभी तक इंतजार कर रहे हैं।
पिता-बेटे की जोड़ी ने ‘अकेले हम अकेले तुम’ के लिए एकसाथ अपनी आवाज दी थी, और दोनों पूरी दुनिया में एकसाथ लाइफ प्रस्तुतियां देते हैं।
यह पूछे जाने पर कि दर्शक दोबारा दोनों की जोड़ी की कब तक उम्मीद कर सकते हैं? इस पर उन्होंने कहा, “शायद जल्द।”
आदित्य ने कहा, “काफी समय से मेरा सपना है कि जब मैं फिल्म में अभिनय करूं तो मेरे पिता एक बार मेरे लिए गीत गाएं। देखते हैं कि यह सपना कब पूरा होता है।”
सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ की मेजबानी से छोटे पर्दे पर पहचान बना चुके आदित्य एक बार फिर जीटीवी के इस शो की मेजबानी करने जा रहे हैं।
आदित्य ने कहा कि वह इस शो के दौरान अपने बैंड के साथ अपना पहला अल्बम जारी करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने शो की शूटिंग शुरू होने से पहले ही एक फिल्म के लिए हामी भर दी थी, लेकिन यह मल्टी स्टारर फिल्म थी और इसमें तारीखें टकरा रही थीं। ‘सा रे गा मा पा’ स्पष्ट रूप से मेरी पहली प्राथमिकता थी, इसलिए मैं इस शो को नहीं छोड़ सकता। जल्द ही ‘मोहब्बत’ नामक मेरा अल्बम जारी होगा और शो पर इसकी घोषणा होने की उम्मीद है। इसलिए मैं बैंड के साथ अपने पहले अल्बम को लेकर उत्साहित हूं।”
आदित्य ने एक मंच प्रदान करने के लिए इस शो के प्रति आभार व्यक्त किया।
dharmpath.com dharmpath