हैदराबाद, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के एक और विधायक तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) में शामिल हो गया। इसके बाद विपक्ष के नेता वाई.एस.जगनमोहन ने राज्यपाल से सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा विधायकों को खरीदने की शिकायत की है।
अनंतपुर जिले के कादिरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चांद बाशा विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में तेदेपा में शामिल हो गए।
तेदेपा का दामन थामने वाले बाशा वाईएसआर कांग्रेस के 13वें विधायक हैं।
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख जगनमोहन रेड्डी ने राज्यपाल ई.एस.एल.नरसिम्हन से यहां मुलाकात की और आरोप लगाया कि नायडू काले धन से उनकी पार्टी के विधायकों को खरीद रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक विधायक को खरीदने के लिए 20-30 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
उन्होंने इस बात की जांच की मांग की कि नायडू विधायकों को खरीदने के लिए पैसे कहां से ला रहे हैं।
विपक्ष के नेता ने कहा कि इस मामले में वह राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत करेंगे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वे विधायकों की सदस्यता खत्म करने के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे। जगनमोहन ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष शिवप्रसाद राव भी उनसे मिले हुए हैं, इसीलिए वह पाला बदलने वाले विधायकों की सदस्यता खत्म नहीं कर रहे हैं।
जगन ने तेदेपा को विधायकों के इस्तीफे करवाकर ताजा चुनाव कराने की चुनौती दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेदेपा मंत्री बनाने का लोभ देकर विधायकों को लुभा रही है।
उन्होंने कहा कि नायडू विभिन्न परियोजनाओं में लिए गए काले धन से विधायकों को खरीद रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण तथा बालू खनन में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 175 सीटों वाली विधानसभा में वाईएसआर कांग्रेस को 67 सीटें मिलीं थीं। यह प्रदेश में इकलौती विपक्षी पार्टी है।
dharmpath.com dharmpath