मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्मकार आर.बाल्की का कहना है कि उन्हें फिल्मों के रीमेक में यकीन नहीं है और इसलिए उन्हें नहीं लगता कि रीमेक बननी चाहिए।
अन्य भाषाओं में अपनी फिल्मों की रीमेक बनाने के बारे में एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा, “फिल्म का रीमेक नहीं बनाना चाहिए, क्योंकि अगर किसी ने पहले ही इसे बना दिया है तो इसे दोबारा बनाने की क्या जरूरत है?”
उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा लगता है कि कहानियां नई होनी चाहिए। मुझे प्रेरणा तब मिलती है, जब मैं ऐसी कहानी के बारे में सोचता हूं जो पहले न बनी हो या जिसे होना तो चाहिए लेकिन किसी कारणवश नहीं बन पाई। अब तक मैं इसी तरह से सोचता हूं, आगे के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकता।”
उन्होंने कहा कि वह 100 या 200 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म या ‘एयरलिफ्ट’, ‘नीरजा’ जैसी बायोपिक बनाने के बारे में नहीं सोचते, बल्कि इससे कुछ अलग में दिलचस्पी रखते हैं।
‘चीनी कम’, ‘पा’ और ‘शमिताभ’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके बाल्की ने कहा कि उन्हें हमेशा फिल्म देखने में रुचि थी और वह निरंतर फिल्में देखते रहे।
बाल्की की फिल्म ‘की एंड का’ पहली अप्रैल को रिलीज हुई।
dharmpath.com dharmpath