श्यामपुर(पश्चिम बंगाल), 23 अप्रैल (आईएएनएस)।कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर शनिवार को तीखा प्रहार किया। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और लोगों को याद दिलाया कि राज्य में पहले तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गठबंधन था।
राहुल ने हावड़ा जिले में एक चुनावी सभा में कहा, “मोदीजी बंगाल में आकर कहते हैं कि मैं ममताजी का विरोध करता हूं। लेकिन मत भूलिए कि ममता जी की पार्टी का बंगाल में भाजपा के साथ गठबंधन था।”
ममता पर वादे पूरे न करने के लिए प्रहार करते हुए राहुल ने कहा, “उन्होंने घोषणा की थी कि वह परिवर्तन लाएंगी, लेकिन पिछले पांच सालों में राज्य में कोई बदलाव नहीं आया है।”
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि लाखों लोगों को रोजगार देने वाला जूट उद्योग एक-एक कर बंद हो गए, जबकि पहले ईंट भट्टों पर काम करने वाले 50,000 लोग अब बेरोजगार हैं।
राहुल ने कहा कि पहले लोग नौकरियां ढूंढ़ने के लिए बंगाल आते थे, लेकिन अब इसके लिए उन्हें दूसरे राज्यों में और यहां तक कि मध्यपूर्व के देशों में जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा, “सभी को पता चल चुका है कि ममता सरकार राज्य में नौकरियां मुहैया नहीं करा सकती।”
राहुल ने कहा कि अगर कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन सरकार सत्ता में आएगी तो राज्य में जूट की बंद पड़ी मिलों और ईंट भट्टा मजदूरों को वैकल्पिक रोजगार मुहैया कराया जाएगा।
राहुल ने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य में नौकरियों का सृजन करने में नाकाम रही है।
राहुल ने कहा, “पहले लोग नौकरियां ढूंढ़ने के लिए बंगाल आते थे, लेकिन अब वे इसके लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, क्योंकि सभी को पता चल चुका है कि ममता सरकार राज्य में नौकरियां मुहैया नहीं करा सकती।”
राहुल ने खेद प्रकट करते हुए कहा कि हावड़ा को जिसे पहले ‘पूर्व का शेफील्ड(इंग्लैंड का एक औद्योगिक शहर)’ कहा जाता था, उसे अब ‘पूर्व का कब्रगाह’ कहा जाता है।
राहुल ने ‘शारदा चिटफंड घोटाले’ का जिक्र करते हुए कहा कि ममता के राज में इस घोटाले के जरिए जनता का पैसा लूट लिया गया।
राहुल ने पिछले महीने कोलकाता में गिरे विवेकानंद फ्लाईओवर को लेकर कहा कि घायलों और मृतकों के परिवारों ने उन्हें बताया था फ्लाईओवर इसलिए गिर गया, क्योंकि उसका ठेका एक तृणमूल कार्यकर्ता को दिया गया था, जिसने फ्लाईओवर के निर्माण में घटिया स्तर के सीमेंट और स्टील का प्रयोग किया था और उसे पांच सालों में भी पूरा नहीं किया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, “लेकिन ममताजी की पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता को इसका नुकसान नहीं झेलना पड़ा। केवल आम लोगों के अपने ही इसमें घायल हुए या मारे गए।”
तृणमूल अध्यक्ष की मोदी से तुलना करते हुए राहुल ने कहा कि दोनों को झूठे वादे करने की आदत है।
राहुल ने कहा, “मोदी ने दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था। ममता जी ने बंगाल में 70 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। क्या ममता जी ने किसी एक भी व्यक्ति को नौकरी दी है? नहीं।”
दोनों पर एक साथ निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, “मोदी ने काला धन वापस लाने की बात कही थी, लेकिन फिर एक ‘फेयर एंड लवली’ योजना शुरू कर दी, जिसमें लोग कर देकर काले धन को सफेद कर सकते हैं। इसी तरह ममता जी ने भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा किया था, लेकिन आपको शारदा योजना दे दी।”
राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी ने सिंडीकेट राज के खिलाफ और लोगों के लिए नौकरियां, विकास और तरक्की सुनिश्वित करने के लिए बंगाल में वाम मोर्चा के साथ गठबंधन किया है।
उन्होंने कहा, “हम कड़ी कार्रवाई करेंगे और आपका पैसा आपको लौटाएंगे।”
dharmpath.com dharmpath