वाराणसी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. स्वास्ति पांडेय ने रविवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, भेलूपुर स्थित जानकी नगर कालोनी में रहने वाला परिवार किसी कार्यक्रम में झारखंड गया था। घर पर स्वास्ति और उनके पिता मौजूद थे। देर रात पिता को जानकारी हुई तो उन्होंने रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी।
कमरे से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
बीएचयू की शोध छात्रा रहीं डॉ. स्वास्ति पांडेय चार महीने से इतिहास विभाग में काम कर रही थीं। उनकी शादी डीजल रेल इंजन कारखाना (डीरेका) में इंजीनियर के पद पर कार्यरत एक युवक से तय हुई थी। नौ मई को सगाई होनी थी, मगर उससे पहले ही लड़के ने रिश्ता तोड़ लिया। स्वास्ति इसके बाद से ही अवसादग्रस्त रहा करती थीं।
रविवार की देर रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटकाकर फांसी लगा ली।
स्वास्ति ने सुसाइड नोट भी छोड़ है, जिसमें उन्होंने शादी टूटने का जिक्र किया है। सुसाइड नोट और पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath