बिहार : कांग्रेस विधायक शराब की पेशकश करते कैमरे में कैद

पटना, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के एक विधायक को शराब पीने की पेशकश करते कैमरे में कैद कर लिया गया है। यह वीडियो सामने आने के बाद राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सियासी हमला बोला है।

एक निजी चैनल पर प्रसारित एक वीडियो में बिहार के नरकटियागंज के कांग्रेस विधायक विनय वर्मा शराब मुहैया कराने का दावा कर रहे हैं। कथित तौर पर यह स्टिंग ऑपरेशन निजी चैनल की टीम ने पटना के एक होटल में किया है।

वीडियो में विधायक कह रहे हैं, “आइ विल ऑफर यू लिकर। मेरे पास है। कैसे फेंक दूं। वहां गांव में कई ब्रांड हैं।”

विधायक ने हालांकि इस आरोप का खंडन किया है। स्टिंग के बारे में पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि वह शुद्घ शाकाहारी हैं और शराब नहीं पीते हैं। कुछ दिनों पहले पटना में एक चैनल के लोग उनसे बिहार के टूरिज्म के बारे में बात करने आए थे।

इस दौरान उन्होंने शराब का मसला उठा कर कहा कि बिहार ड्राई स्टेट हो चुका है। बिहार आने वाले पर्यटक यदि शराब पीना चाहें तो क्या करें? अब अगर टीवी संवाददाता जवाब को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है, तो यह विधायक की गलती नहीं है।

मीडिया में यह मामला आने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूछा है कि क्या आरोपी विधायक को गिरफ्तार किया जाएगा?

मोदी ने ट्वीट किया, “एक निजी चैनल के स्टिंग में कांग्रेस विधायक विनय वर्मा द्वारा प्रतिबंधित शराब की पेशकश करने के बाद क्या नीतीश कुमार विधायक को गिरफ्तार करवाएंगे?”

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने स्टिंग में फंसे विधायक को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं शराब रखने की बात स्वीकार कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को अब क्या प्रमाण चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बिहार में शराब बनाना और उसकी ब्रिकी तथा सेवन प्रतिबंधित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493