नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाजों, ब्रेंडन मैक्लम (63) और ड्वायन स्मिथ (53) की उम्दा पारियों की मदद से गुजरात लायंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में बुधवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के सामने 173 रनों का लक्ष्य रखा है।
फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे लीग के 23वें मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए।
मैक्लम और स्मिथ ने टीम को धुआंधार शुरुआत दी। स्मिथ में पहले ओवर में ही जहीर खान पर चार चौके जड़े। मैक्लम ने शादाब नदीम के अगले ओवर में छक्का मारा। इसके बाद उन्होंने जहीर के अगले ओवर में दो छक्के जड़े।
दोनों ने मिलकर 3.5 ओवरों में टीम का स्कोर 50 तक पहुंचा दिया। यह इस सत्र का किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतकीय स्कोर है।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 10.50 की औसत से 112 रन जोड़े। मैक्लम ने अपनी पारी में 36 गेंदें खेलते हुए छह चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, स्मिथ ने अपनी पारी में 30 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने स्मिथ को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चार रन बाद मैक्लम भी क्रिस मौरिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। इन दोनों के जाने के बाद दिल्ली के गेंदबाज गुजरात पर हावी हो गए और एक-एक कर विकेट लेते गए।
मैक्लम के जाने के बाद टीम के खाते में एक रन ही जुड़ा था कि कप्तान सुरेश रैना (2) को भी मौरिस ने पवेलियन भेज दिया था। रविन्द्र जडेजा (4) और इशान किशन (2) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। टीम अचानक से संकट में आ गई थी।
एक समय 200 का आंकड़ा छूती दिख रही गुजरात को ड्वायन ब्रावो (नाबाद 7) और जेम्स फॉकनर (नाबाद 22) ने 172 के आंकड़े तक पहुंचाया।
दिल्ली की तरफ से ताहिर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। क्रिस मौरिस को दो और ज्यां पॉल ड्यूमिनी को एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath