उप्र सपा विधायक रामपाल गए जेल, पार्टी ने निकाला

लखनऊ, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रामपाल यादव समेत उनके नौ समर्थकों को शुक्रवार को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। अवैध निर्माण में नाम सामने आने के बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया।

ज्ञात हो कि गुरुवार को सपा विधायक रामपाल का जियामऊ स्थित अवैध निर्माण ढहाने पहुंची एलडीए की टीम के साथ विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की थी।

इस दौरान उनके एक समर्थक ने भारी पुलिस फोर्स के सामने एलडीए सचिव पर पिस्टल भी तान दी। विधायक और उनके समर्थकों ने इतना बवाल किया कि पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा।

इसके बाद पुलिस ने रामपाल और उनके समधी पूर्व विधायक राजेंद्र यादव सहित नौ लोगों को हिरासत में ले लिया था। शुक्रवार सुबह अदालत ने इन सभी लोगों की जमानत खारिज कर दी। सभी लोगों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया।

इधर, गुरुवार को लखनऊ में उनका अवैध रूप से निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स ढहाने के बाद शुक्रवार को सीतापुर में भी उनके होटल पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला। इस होटल में रामपाल के बेटे और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव साझेदार हैं।

गौरतलब है कि सपा विधायक रामपाल यादव पार्टी से बगावत कर बेटे को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में कामयाब रहे थे।

शहर के पूर्वी छोर पर अवैध रूप से बनाए गए स्पर्श होटल पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। करोड़ों की लागत से बने इस होटल की बाउंड्रीवाल ढहा दी गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493