कैलिफोर्निया में सैकड़ों लोगों ने ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन किया

वॉशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन के लिए सैंकड़ों प्रदर्शनकारी कैलिफोर्निया में आयोजित रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में उनके भाषण से पहले वहां पहुंच गए थे।

‘सीएनएन’ की रपट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को बर्लिगम शहर में हयात रीजेंसी के सामने सड़क जाम कर दिया, जिसके कारण ट्रंप के काफिले को होटल के पीछे के दरवाजे से जाना पड़ा। इनमें से कुछ प्रदर्शनकारी चेहरों पर स्कार्फ बांधे हुए थे, और मेक्सिको के झंडे लिए हुए थे।

ट्रंप और उनके समर्थक वाहनों से उतर कर होटल के अंदर चले गए।

सम्मेलन में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए ट्रंप ने कहा, “भीतर प्रवेश करना बेहद मुश्किल था। ऐसा लगा जैसे कि मैं सीमा पार कर रहा हूं।”

ट्रंप के पहुंचने से पहले एक बार लगभग दो दर्जन प्रदर्शनकारियों ने होटल के नजदीक लगे अवरोधक की ओर जाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने होटल के द्वार पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को भीतर आने से रोक दिया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोक हुई। पुलिस ने प्रदर्शकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किया।

ट्रंप जैसे ही वहां पहुंचे, प्रदर्शनकारियों ने एक अवरोधक तोड़ दिया और वे होटल के बाहर प्रवेश द्वार पर एकत्रित हो गए, जहां पुलिस ने उन्हें प्रवेश करने से फिर रोक दिया। वे कह रहे थे, “उन्हें बाहर निकालो।”

प्रदर्शनकारी कई महीनों से ट्रंप की रैलियों में व्यवधान डाल रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक इतने बड़े स्तर पर प्रदर्शन नहीं किया था। इनमें से कई प्रदर्शन अवैध आव्रजन पर ट्रंप की बयानबाजी को लेकर नाराज हैं।

शुक्रवार का प्रदर्शन गुरुवार रात कैलिफोर्निया के कोस्टा मेसा के बाहर हुए हुड़दंग के बाद हुआ था। गुरुवार रात ट्रंप समर्थकों और ट्रंप विरोधियों के बीच झड़प हो गई थी।

इस घटना में पुलिस की कम से कम एक कार क्षतिग्रस्त हो गई थी और चेहरे पर घूंसा लगने के बाद ट्रंप का एक समर्थक खून से लथपथ दिखाई दिया था।

पुलिस ने कहा कि गुरुवार रात करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493