नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वयोवृद्ध कार्यकर्ता एवं भारतीय जनता संघ (बीजेएस) के पूर्व अध्यक्ष बलराज मधोक का यहां सोमवार को निधन हो गया।
आरएसएस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि मधोक (96) ने सोमवार सुबह करीब नौ बजे मध्य दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे।
मधोक का जन्म 25 फरवरी, 1920 को जम्मू एवं कश्मीर के स्कर्दू क्षेत्र (अब पाकिस्तान के गिलगित बल्तिस्तान प्रदेश में) हुआ था।
उन्होंने 1951 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की स्थापना की।
वह 1961 में लोकसभा के लिए भी निर्वाचित किए गए थे।
केंद्रीय विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी व पृथ्वी विज्ञान मंत्री हर्षवर्धन ने ट्विटर पर लिखा, “बलराज मधोक आज स्वर्ग के लिए प्रस्थान कर गए। भारत ने एक महान चिंतक, समाज सुधारक व बुद्धिजीवी खो दिया। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
आरएसएस के एक अधिकारी ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार शाम पांच बजे सत्य नगर श्मशान घाट में किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath