नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री कल्कि कोचलिन को 63वें राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड्स में ‘मार्गरिटा विद ए स्ट्रॉ’ में अपने अभिनय के लिए ‘स्पेशल जूरी अवॉर्ड’ का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर कल्कि ने कहा कि यह सम्मान उनके देसीपन पर सवाल खड़ा करने वालों का मुंह बंद कर देगा।
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह सबसे प्रतिष्ठित सम्मान है जो इस देश में एक कलाकार के तौर पर मिलता है। यह पुरस्कार मिलने पर मुझे ज्यादा ‘देसी’ महसूस हो रहा है। मुझे लगता है कि अब लोग मेरे देसीपन पर सवाल उठाना बंद कर देंगे।”
फिल्म में कल्कि ने सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित लड़की की भूमिका निभाई है। फिल्म के बारे में उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके जरिए उन्हें बतौर एक अभिनेत्री और एक इंसान काफी कुछ सीखने का मौका मिला।
dharmpath.com dharmpath