पेरुम्बवूर (केरल), 4 मई (आईएएनएस)। केरल पुलिस ने बुधवार को कहा कि राज्य के एर्नाकुलम जिले में एक गरीब युवा महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी जघन्य हत्या के मामले की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
पुलिस के मुताबिक, जिशा (27) का शव उसकी मां को यहां एक नहर के पास मिला था। उसकी मां एक मजदूर है। उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत मिला था। उसके गुप्त अंगों पर भी जख्म के निशान थे।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के. पद्मकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हम जांच की विस्तृत जानकारी नहीं दे सकते, लेकिन हम इतना बता सकते हैं कि जांच सही दिशा में चल रही है।”
विपक्ष के नेता वी. एस. अच्युतानंदन बुधवार सुबह उस अस्पताल में गए, जहां जिशा की मां का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा, “जिस राज्य में ओमन चांडी की सरकार होगी, वहां यही सब होगा। घटना को एक सप्ताह होने जा रहा है और अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।”
अस्पताल सबसे पहले मुख्यमंत्री चांडी पहुंचे थे। उन्हें विपक्षी वाम मोर्चा के छात्र और युवा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी का सामना करना पड़ा। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे।
चांडी ने जिशा की मां को आश्वासन दिया कि हत्यारे को गिरफ्तार किया जाएगा और जिशा की बहन को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
चांडी ने कहा, “पुलिस अपना काम कर रही है और हत्यारे शीघ्र ही पकड़े जाएंगे।”
मीडिया जब इस मामले में चांडी से सवाल कर रही थी, तभी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और मीडिया के बीच झड़प हो गई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के प्रवक्ता ए. एन. राधाकृष्णन ने कहा कि जब मीडिया मुख्यमंत्री से जायज सवाल पूछ रही है तो कांग्रेस कार्यकर्ता मीडिया को परेशान कर रहे हैं।
इसी बीच पीड़िता के एक पड़ोसी को पिछली रात कन्नूर से पुलिस ने उठाया। यहां लाकर उससे इस मामले में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आठ लोगों से पूछताछ कर रही है और उनके बयानों की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक तरीकों का प्रयोग कर रही है।
इसी बीच राज्य में 16 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस मामले में राजनीति गरमा गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस गरीब परिवार के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया क्योंकि इस परिवार के इलाके के सांसद, विधायक, पार्षद, सभी माकपा के हैं।
वहीं, माकपा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रही है। माकपा का कहना है कि मीडिया और सोशल मीडिया द्वारा मामले को प्रकाश में लाने के बाद ही पुलिस इस मामले में सक्रिय हुई है।
मृतका का पोस्टमार्टम एक परास्नातक मेडिकल छात्रा द्वारा किए जाने के कारण भी लोगों में रोष व्याप्त है।
इसी बीच चांडी ने संवाददाताओं को बताया कि केरल सरकार जिशा की मां को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये देगी।
dharmpath.com dharmpath