कोलकाता, 4 मई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल विधानसभा की उपाध्यक्ष सोनाली गुहा को बुधवार को एक अदालत ने जमानत दे दी। चुनाव आयोग ने धमकाने के एक मामले में सोनाली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
दक्षिणी 24 परगना के सतगछिया निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार सोनाली को 30 अप्रैल को टीवी कैमरों में ‘मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एजेंट को पीट कर भगाने’ की बात करते देखा गया था।
चुनाव आयोग ने सोनाली की टिप्पणियों पर संज्ञान लेते हुए एक जन प्रतिनिधि की व्यवस्था का उल्लंघन करने, चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने और अपराधिक धमकी के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई थी।
सोनाली ने बुधवार को दक्षिणी 24 परगना अदालत के समक्ष समर्पण कर दिया था। अदालत ने उन्हें निजी मुचलके पर जमानत दे दी है।
dharmpath.com dharmpath