भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी सुपरस्टार : सलमान

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। इस वर्ष रियो ओलम्पिक के लिए भारत के सद्भावना दूत सलमान खान का कहना है कि भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी एक सुपरस्टार है और वे सभी प्यार, समर्थन और प्रशंसा के हकदार हैं।

एथलीटों पर प्रकाश डालने के लक्ष्य से सलमान खान ने ट्वीट के जरिए एक अभियान की शुरुआत की है, जिसमें वह खिलाड़ियों का परिचय देंगे।

सलमान ने अपने एक बयान में कहा, “मेरे लिए भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी सुपरस्टार है। वे चार साल तक तैयारी करते हैं और विश्व स्तर पर उनके पास प्रदर्शन के लिए कुछ ही मिनट या सेकंड होते हैं।”

‘सुल्तान’ के अभिनेता ने कहा, “आइए उन सभी एथलीटों को अपना प्यार, समर्थन और प्रशंसा देते हैं। वे इसके हकदार हैं।”

सलमान ने अपने अभियान के क्रम में सबसे पहले भारतीय महिला जिमनास्ट दीपा करमाकर का 30 अप्रैल को परिचय करवाया था। इसके बाद दो मई को अभिनव बिंद्रा का परिचय दिया था। गुरुवार को उन्होंने एथलीट ओ.पी. जैशा का परिचय कराया।

‘इंडियाज ओलम्पिक स्टार्स’ के नाम से शुरू किए गए इस अभियान के लिए ट्विटर पर एक हैशटैग ‘मेकइंडियाप्राउड’ बनाया गया है।

इसके साथ ही सलमान एक ब्लॉग के निर्माण की योजना भी बना रहे हैं, जिसमें भारतीय क्वालीफायरों और उनकी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाएगी।

सलमान को ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत नियुक्त किए जाने के फैसले के बाद कई सवाल खड़े हुए थे।

मिल्खा सिंह सहित कई लोगों ने इस फैसले की आलोचना भी की थी, जबकि किरण खेर और फिल्मकार सूरज बड़जात्या ने उनका समर्थन किया था।

इस वर्ष रियो ओलम्पिक में भारती की ओर से 80 खिलाड़ी तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, हॉकी, जिमनास्टिक्स, रोविंग, निशानेबाजी, टेबल टेनिस, टेनिस और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493