नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में बेल्जियम की 23 वर्षीया युवती के साथ छेड़छाड़ के मामले में ओला कैब के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ओला के मुताबिक, चालक की पहचान राजस्थान निवासी राज सिंह के रूप में हुई है। उसे ओला से बाहर कर दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने आईएएनएस को बताया कि बेल्जियम की युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि वह शनिवार को गुड़गांव से दिल्ली आ रही थी जब रास्ते में कैब चालक ने उससे छेड़छाड़ की।
रंधावा ने बताया कि चालक ने युवती से कैब का जीपीएस सिस्टम काम नहीं कर करने की वजह से उसे आगे की सीट पर बैठकर अपना गंतव्य बताने के लिए कहा।
युवती ने शनिवार रात को घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस को इसकी जानकारी दी।
ओला ने जारी बयान में कहा, “चालक को कंपनी से तत्काल प्रभाव से निकाल दिया गया है।”
बयान के मुताबिक, “हम इस मामले में प्रशासन के साथ सभी जानकारी साझा करेंगे। कैब चालकों का इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
dharmpath.com dharmpath