एथेंस, 9 मई (आईएएनएस)। ग्रीस की संसद ने नए पेंशन एवं कर सुधार पैकेज को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी ग्रीस को मिलने वाले कर्ज पर चर्चा के लिए सोमवार को यूरोजोन के वित्त मंत्रियों की प्रस्तावित बैठक से पहले दी गई।
इससे पहले तीन दिनों तक संसद के बाहर सरकार के इस कदम के विरोध में प्रदर्शन हुए। संसद में इस पर चर्चा बाहर हुए प्रदर्शनों एवं हंगामों के साये में हुई, जिसके बाद रविवार देर शाम इसे मंजूरी दे दी गई।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, नए विधायी पैकेज में पेंशन सुधार तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर सुधारों को शामिल किया गया है, जिससे सरकार को खर्च में कटौती कर 5.4 अरब यूरो (6 अरब डॉलर) जुटाने में मदद मिलेगी। इस प्रकार सरकार 3.5 प्रतिशत बजट अधिशेष सुनिश्चित कर पाएगी, जिसे हासिल करने का लक्ष्य साल 2018 तक के लिए निर्धारित किया गया है।
इस बीच, प्रधानमंत्री एलेक्स सिप्रास ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य ‘दीर्घकालिक पेंशन प्रणाली’ है।
उन्होंने यह वादा भी किया कि 20 लाख से अधिक पेंशनभोगियों के पेंशन से एक यूरो की भी कटौती नहीं की जाएगी।
इन सुधार कदमों के विरोध में एथेंस में संसद के बाहर 10,000 से अधिक लोग एकत्र हुए थे। इस बीच, प्रदर्शनकारियों और पुलिस की धक्कामुक्की भी हुई, जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
dharmpath.com dharmpath