सत्यजीत रे ने एक दृश्य के लिए अस्वीकार कर दिए थे 60 शेविंग ब्रश!

कोलकाता, 9 मई (आईएएनएस)। अपने हर काम को बेहद सटीकता से करने के लिए मशहूर प्रख्यात फिल्मकार सत्यजीत रे ने अपनी फिल्म ‘नायक’ के एक दृश्य के लिए मात्र एक सेकंड से भी कम समय के लिए इस्तेमाल किए गए शेविंग ब्रश का चुनाव करने से पहले 60 शेविंग ब्रश अस्वीकार कर दिए थे।

यहां ‘सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट’ के एक सम्मेलन के दौरान उनके एक सहायक निर्देशक रमेश सेन ने कहा, “सही ब्रश मिलने के बाद रे ने कहा था, ‘मुझे इसी की जरूरत थी।”‘

उन्होंने कहा, “मैं नहीं जानता कि दर्शकों ने उस ब्रश पर उसी गहनता के साथ ध्यान दिया था या नहीं, जिसके साथ रे ने दिया था।”

बहुमुखी प्रतिभा के धनी रे को याद करते हुए एक अन्य सहायक निर्देशक सुब्रत लाहिड़ी ने कहा कि रे की पहली फिल्म ‘पाथेर पांचाली’ के संगीत निर्देशक पंडित रविशंकर ने फिल्म का थीम संगीत रे की सीटी धुन के आधार पर तैयार किया था, जिसे वह तेज आवाज में बजा रहे थे।

लाहिड़ी ने कहा, “इससे पहले रे, रविशंकर द्वारा तैयार की गई कई धुनों को अस्वीकार कर चुके थे।”

रे ने अपने पूरे करियर में 36 फिल्मों का निर्देशन किया था, जिनमें फीचर फिल्में, वृत्तचित्र और लघु फिल्में भी शामिल थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493