भोपाल, 9 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ के दूसरे शाही स्नान के दौरान सोमवार को आंधी और बारिश से एक बार फिर फैली अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए चल रहे अभियान और प्रभावितों की मदद की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सड़क मार्ग से उज्जैन के लिए रवाना हुए।
उन्हें सड़क मार्ग से जाना पड़ा, क्योंकि मौसम खराब होने के कारण उनका विमान राजधानी से उड़ान नहीं भर पाया।
मुख्यमंत्री चौहान ने सिंहस्थ के दौरान सोमवार को हुई असमय बारिश में श्रद्धालुओं एवं संतजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि प्राकृतिक घटना से प्रभावितों की भरपूर सहायता की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के हरसंभव कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ कुंभ का संपूर्ण आयोजन भगवान महाकाल की कृपा और सबके धैर्य और सहयोग से पूर्णत: सफल होगा। संकट की इस घड़ी में भी सभी के सक्रिय सहयोग से सिंहस्थ महापर्व सानंद एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री चौहान उज्जैन में बारिश की सूचना मिलते ही सिंहस्थ की व्यवस्थाओं और राहत-बचाव कार्यो की समीक्षा के लिए सड़क मार्ग से उज्जैन के लिए रवाना हो गए। मौसम खराब होने के कारण वायुयान के उड़ान नहीं भर पाने के कारण मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से उज्जैन के लिए रवाना हुए।
ज्ञात हो कि गुरुवार के बाद सोमवार को एक बार फिर प्रकृति ने आपदा बरसाई। बड़ी संख्या में पंडाल ढह गए, जगह-जगह पानी भर गया। इतना ही नहीं, पेड़ की चपेट में आने से एक की मौत हो गई और सात घायल हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath