एमएलसी पुत्र रॉकी ने अपराध स्वीकारा : पुलिस (लीड-1)

गया, 10 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया में छात्र आदित्य सचदेव हत्या मामले का मुख्य आरोपी सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद (एमएलसी) मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

गया जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गरिमा मलिक ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में रॉकी यादव की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “रॉकी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बोधगया थाना क्षेत्र में स्थित रॉकी के पिता के एक संयंत्र से सुबह तीन बजे उसकी गिरफ्तारी हुई और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।”

एसएसपी ने इस मामले में किसी भी प्रकार के दबाव से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार का लाइसेंस रॉकी के नाम से हैं, जो दिल्ली से जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जद (यू) पार्षद और रॉकी की मां मनोरमा देवी के घर से शराब की बोतल बरामद की है। मलिक ने बताया कि इस मामले में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर 19 वर्षीय आदित्य की गोली मार दी। बुरी तरह घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि अदालत ने रॉकी के पिता बिन्दी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार को सोमवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस हत्या मामले की गूंज बिहार से लेकर संसद तक में सुनाई दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को गया बंद कराया था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा था कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493