नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। भाजपा के मंत्री और सांसद नरेंद्र मोदी सरकार के बड़े नीतिगत फैसलों और उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएंगे। सरकार के दो साल 26 मई को पूरे होने वाले हैं।
केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि एक माह के अभियान के दौरान मंत्री और सांसद लोगों को यह भी बताएंगे कि कुछ लोगों ने बाधा उपस्थित कर अधिनियमों और कल्याणकारी उपायों को संसद में पारित नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा संसदीय दल की एक बैठक यहां हुई, जिसमें राज्यसभा में बाधा उपस्थित करने और विभिन्न सरकारी कदमों को रोकने के लिए कांग्रेस को बेनकाब करने का फैसला किया गया।
बैठक के बाद रूडी ने कहा, “लोगों को बताया जाएगा कि वे कौन लोग हैं, जिन्होंने बाधा उपस्थित की।”
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित थे।
सरकार राज्यसभा में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक पारित कराने में विफल रही, जहां विपक्ष संख्या बल में अधिक है।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया और कहा कि सभी मंत्री देश भर में 200 मुख्य केंद्रों का दौरा करेंगे और लोगों को सरकार के अच्छे कामों व उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।
मोदी ने 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लागू कि ए गए आपातकाल का उल्लेख किया और सांसदों से कहा कि 26 जून को इसकी बरसी पर लोकतंत्र को कुचलने के प्रयासों के बारे में देश की युवा पीढ़ियों को जानकारी होनी चाहिए।
रूडी ने कहा कि बैठक में हाल ही में मनोनीत सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी और नवजोत सिंह सिद्धू भी उपस्थित थे।
मोदी की शैक्षणिक योग्यता से जुड़े विवाद संबंधित प्रश्नों के जवाब में रूडी ने कहा, “कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दावे झूठ के पुलिंदे हैं।”
उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर दिया गया है।
इसके बावजूद अगर वे सवाल उठाना चाहते हैं तो यह उनकी भावनाओं को दर्शाता है।
dharmpath.com dharmpath