गया छात्र हत्याकांड : मनोरमा देवी का आवास सील

गया, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया में 19 वर्षीय छात्र आदित्या सचदेवा की हत्या के मामले में आरोपी रॉकी यादव की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां और विधान पार्षद मनोरमा देवी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके घर से शराब की बोतलें बरामद होने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की कोशिशें शुरू कर दी हैं। वहीं, उत्पाद विभाग ने बुधवार को उनका घर सील कर दिया।

गया के पुलिस अधीक्षक (नगर) अवकाश कुमार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि मनोरमा देवी के घर से शराब की बोतलें बरामद होने के बाद उनके घर को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मनोरमा देवी की गिरफ्तारी का वारंट जारी करने के लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। इस बीच, मनोरमा देवी गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गई हैं।

उल्लेखनीय है कि जनता दल (युनाइटेड) ने मंगलवार को मनोरमा देवी को पार्टी से निलंबित कर दिया।

पुलिस के मंगलवार रात उनके गया स्थित आवास पर की गई छापेमारी के दौरान अंग्रेजी शराब की छह बातलें बरामद हुई थीं।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जदयू विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर कार को एक कारोबारी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया था, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई थी। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

आदित्य की हत्या के मामले में रॉकी के पिता बिन्दी यादव और मां मनोरमा देवी का अंगरक्षक राजेश कुमार पहले ही हिरासत में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493