काठमांडू, 11 मई (आईएएनएस)। नेपाल में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक आवासीय दूतावास का आधिकारिक तौर पर उद्धघाटन किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और उनके नेपाली समकक्ष कमाल थापा ने संयुक्त रूप से मंगलवार को काठमांडू के लाजिम्पाट इलाके में इस दूतावास का उद्धघाटन किया।
नेपाल के विदेश मंत्री ने अपने बयान में कहा, “नेपाल में यूएई दूतावास के खुलने के साथ आज (मंगलवार) का दिन दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह कहना मेरा सौभाग्य है कि बात है कि राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से हम एक सौहार्द्रपूर्ण और तनावमुक्त संबंध का आनंद ले रहे हैं।”
पिछले साल अप्रैल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद नेपाल में राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए विदेश मंत्री ने यूएई सरकार का शुक्रिया अदा किया। इस भूकंप में 10,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 23,000 लोग घायल हुए थे।
शेख अब्दुल्ला ने कहा कि नेपाल में यूएई आवासीय दूतावास के उद्धघाटन के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और भी मजबूत होंगे।
यूएई विदेश मंत्री के नेतृत्व में नेपाल आए प्रतिनिधिमंडल ने देश की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी और प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली से भी मुलाकात की।
नेपाल अबु धाबी में 2004 में स्थापित अपने दूतावात का कार्यभार भी संभाल रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की शुरुआत 22 जनवरी, 1977 में हुई थी।
नेपाल के प्रवासियों के लिए यूएई सबसे आकर्षक स्थलों में से एक रहा है। देश के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में करीब 200,000 नेपाली यूएई में काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath