हैदराबाद, 12 मई (आईएएनएस)। दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने गेंदबाजों की दमदार गेंदबाजी की बदौलत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद को 146 रनों पर ही रोक दिया।
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 42वें मैच में हैदराबाद की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी। दिल्ली को जीत के लिए 147 रनों की आवश्यकता है।
टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 46 रन कप्तान डेविड वार्नर ने बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 30 गेंद खेलते हुए छह चौके और एक छक्का लगाया।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को वार्नर और शिखर धवन ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवरों में 67 रन जोड़े। जयंत यादव ने वार्नर को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई।
केन विलियम्सन (27) ने धवन के साथ मिलकर स्कोर 98 रनों तक पहुंचाया, तभी धवन, अमित मिश्रा का शिकार होकर पवेलियन लौट गए।
दोनों सलामी बल्लेबाजों के जाने के बाद दिल्ली के गेंदबाजों ने हैदराबाद के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया और लगातार विकेट लेते रहे। युवराज सिंह (8) और मोइजेज हेनरिक्स (0), दीपेन्द्र हुड्डा (10), भुवनेश्वर कुमार (1) सस्ते में पवेलियन लौट गए।
अंतिम ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में नमन ओझा (7) भी पवेलियन लौट गए। बरेंदर सरन और आशीष नेहरा एक-एक रन पर नाबाद लौटे।
हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाज नाथन कल्टर नाइल रहे। उन्होंने चार ओवरों में 25 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा मिश्रा को भी दो विकेट मिले। जयंत, मोहम्मद समी और क्रिस मौरिस ने एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
dharmpath.com dharmpath