पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा 4 दिनों बाद दोबारा खुली

इस्लामाबाद, 14 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख जनरल राहिल शरीफ तथा अफगानिस्तान के राजदूत उमर जाखिलवाल के बीच हुए समझौते के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान तोरखाम सीमा चौकी दोबारा खोल दी गई।

डॉन ऑनलाइन की एक रपट के मुताबिक, अफगानिस्तान में शांति व सुलह के लिए चार देशों की पहल चतुष्पक्षीय समन्वयन समूह की आगामी बैठक से पहले द्विपक्षीय संबंधों के बीच पुराने मुद्दों के फिर से सिर उठाने के कारण शुक्रवार को बैठक की गई।

समूह की बैठक इस्लामाबाद में 18 व 19 मई को होगी और मार्च के पहले सप्ताह में अफगानिस्तान तथा तालिबान के बीच वार्ता शुरू करने के प्रयास के नाकाम होने के बाद यह पहली बैठक होगी।

जाखिलवाल ने शुक्रवार को बैठक के दौरान कहा कि दोनों दक्षिण एशियाई देश विभिन्न मुद्दों से प्रभावित हो रहे हैं, जिन पर चर्चा करनी है।

आईएसपीआर के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने कहा, “इस बात पर सहमति बनी है कि तोरखाम में सीमा पर नियमित यातायात को फिर शुरू किया जाएगा। दोनों पक्षों ने आतंकवाद से लड़ने तथा क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।”

सीमा पर अवैध आवाजाही रोकने के लिए बाड़ लगाने के प्रयास पर अफगानिस्तान के अधिकारियों द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद पाकिस्तान ने मंगलवार को सीमा चौकी बंद कर दी थी।

सीमा चौकी बंद होने से सीमा के दोनों तरफ लोग व वाहन फंस गए थे।

लगभग चार दिनों बाद शुक्रवार शाम सीमा चौकी खुलने के बाद माल लदे सौ से अधिक वाहन अफगानिस्तान में दाखिल हुए।

अधिकारियों ने कहा कि शुरुआत में सीमा पर यातायात बेहद धीमा था, लेकिन जल्द ही निर्माण सामग्री, खाद्य पदार्थ व अन्य सामग्री से लदे वाहन सीमा पार कर अफगानिस्तान पहुंचे, वहीं कुछ वाहन पाकिस्तान में भी दाखिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493