मुंबई हवाईअड्डे पर लुफ्तांसा एयरलाइंस के विमान के टायर फटे, सेवा प्रभावित

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर देर शुक्रवार को लुफ्तांसा के एक विमान के चार पहियों के फट जाने के कारण रनवे घंटों बंद रहा।

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड ने घटना के बाद नियमित उड़ानों के लिए दूसरे रनवे को खोला। इस घटना के कारण मुख्य रनवे पर संचालन शनिवार शाम तीन बजे तक कुल 15 घंटे के लिए बाधित हुआ, जिसके कारण कई विमानों को विलंब हुआ, जबकि कुछ के मार्ग बदले गए।

एक तरफ लुफ्तांसा एयरलाइंस के अधिकारी जहां मुख्य रनवे पर क्षतिग्रस्त टायरों को बदलने के काम में लगे थे, वहीं दूसरी तरफ हवाईअड्डे के अधिकारियों को पता नहीं चल पा रहा था कि आखिर कितनी देर में रनवे से उड़ानें शुरू होंगी।

लुफ्तांसा एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि म्यूनिख से मुंबई पहुंचे विमान एलएच 764 के लैंडिंग गियर के चार टायर फट गए। हादसा शुक्रवार रात 10.45 बजे के आसपास लैंडिंग के वक्त हुआ।

विमान में 163 यात्री सवार थे, जिन्हें रनवे पर ही सीढ़ियों के सहारे बाहर निकाला गया और वापस लौटने वाली उड़ान एलएच 765 को रद्द कर दिया गया, जिसका खामियाजा 223 यात्रियों को भुगतना पड़ा। एयरलाइन उन्हें किसी अन्य विमान से भेजने की कोशिश में लगी है।

घटना के कारण कैथे पैसिफिक कारगो सर्विस का रास्ता बदलकर उसे हैदराबाद से भेजा गया।

साथ ही एयर इंडिया तथा युनाइटेड एयरलाइंस मुंबई-नेवार्क की उड़ान सहित तीन विमानों को विलंब हुआ। वहीं, एमिरेट्स एयरलाइंस ने बी-777 की जगह एक ए-380 विमान का संचालन किया, जिसके कारण 427 मुसाफिर व चालक दल के 25 सदस्य प्रभावित हुए।

सिंगापुर एयरलाइंस ने कहा कि एयरबस ए-380 विमान के मुसाफिरों को होटल मुहैया कराना पड़ा और मुख्य रनवे पर संचालन शुरू होने के बाद उन्हें भेजा जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493