इटली की 116 वर्षीय एमा विश्व की सबसे वयोवृद्ध महिला

रोम, 14 मई (आईएएनएस)। अमेरिका में दुनिया की सर्वाधिक उम्रदराज शख्स के रूप में एक अश्वेत महिला के निधन के बाद इटली की एमा मोरानो अब विश्व की सबसे वयोवृद्ध महिला हैं, जिनकी उम्र 116 साल है।

समाचार एजेंसी एकेआई के अनुसार, न्यूयॉर्क सिटी के एक निजी चिकित्सालय में गुरुवार को अश्वेत अमेरिकी महिला सुसन्ना मुसैट जोन्स के निधन के बाद पश्चिमोत्तर पीडमोंट क्षेत्र की रहने वाली एमा सबसे वयोवृद्ध महिला बन गईं हैं।

गुलाम और बंटाई पर खेती करने वाले माता-पिता की पोती जोन्स का जन्म 1899 में अलाबामा में हुआ था और वह एमा से उम्र में केवल कुछ ही माह बड़ी थीं। दोनों का जन्म एक ही वर्ष में हुआ था।

एमा का जन्म 29 नवम्बर, 1899 को हुआ था और वह अब भी वर्बेनिया कस्बे में एक अपार्टमेंट में रहती हैं।

उनकी इस लंबी उम्र का राज यह है कि उन्होंने अपने जीवन में कभी भी शराब और धूम्रपान का सेवन नहीं किया और वह शाम सात बजे सो जाती हैं तथा सुबह छह बजे जग जाती हैं।

एमा को उनके 116वें जन्मदिन पर इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मत्तेरेला और पोप फ्रांसिस की ओर से एक तार भी मिला है।

अपनी दिनचर्या में एमा दिन में एक बार तीन अंडे खाती हैं और यह सुझाव किशोरावस्था में चिकित्सक ने उन्हें दिया था।

अपने परिवार में आठ बच्चों में सबसे बड़ी रहीं एमा की शादी काफी जल्द हो गई थी और 75 वर्ष की उम्र तक उन्होंने एक दर्जी के रूप में काम किया।

एमा के एकमात्र बच्चे की मौत सात माह की उम्र में ही हो गई थी और उसके बाद वह अपने हिंसक पति से अलग हो गई थीं।

इससे पहले 117 वर्षीय जापानी महिला मिसाओ ओकावा विश्व की सबसे वयोवृद्ध महिला थीं, जिनका निधन पिछले वर्ष टोक्यो में हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493