भुवनेश्वर, 14 मई (आईएएनएस)। दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून को उड़ीसा के तट तक पहुंचेगा। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर मौसम विभाग की निदेशक ममता यादव ने कहा, “दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत अगले 3-4 दिनों में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह से हो जाएगी और यह उड़ीसा के तट तक 8 जून को पहुंचेगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में 18 मई के बाद बारिश होगी, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर श्रीलंका के तट तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों में कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो जाएगा जिसके कारण बारिश होगी।
इस दौरान प्रदेश के नौ स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया, जिनमें से 7 जगहों पर तापमान 42 डिग्री से ज्यादा था। वहीं, राज्य में शनिवार शाम कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश देखी गई।
सबसे अधिक तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस बोलंगीर में दर्ज किया गया, उसके बाद तलचर में 43.8 डिग्री और सुंदरगढ़ में 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश में लू लगने के अब तक 181 मामले सामने आए हैं जिनमें से 77 लोगों की मौत हो चुकी है। विशेष राहत आयुक्त ने एक बयान में कहा कि इन लोगों की मौत अन्य वजहों से हुई है।
dharmpath.com dharmpath